तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार का कहर! सड़क पर पलटी कार, SSP मंजूनाथ टी.सी. ने संभाला मोर्चा
›
, हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे SSP; अस्पताल जाकर घायलों का जाना हाल
हल्द्वानी। तीनपानी फ्लाईओवर के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार के चलते एक फोर्ड फिगो कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में चार लोगों के सवार होने की जानकारी दी गई है।
नैनीताल पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:25 बजे कार संख्या UK 02 A 2544 गोलापुल की ओर से लालकुआं जा रही थी। तीनपानी फ्लाईओवर के पास तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क पर पलट गई।
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे SSP
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित संबंधित पुलिस टीमों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसएसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से दुर्घटना की जानकारी लेकर राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना और उनके उपचार की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
SSP की अपील—रफ्तार पर रखें नियंत्रण
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। वाहन चलाते समय बरती गई सतर्कता किसी की जिंदगी बचा सकती है।



















