नैनीताल। लेक सिटी वेलफेयर क्लब की ओर से 1 नवंबर को ‘हमारी संस्कृति, हमारी पहचान’ थीम के तहत विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में ‘बुजुर्ग हमारी धरोहर’ के संदेश के साथ वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही सीआरएसटी स्कूल के 50 बच्चों को ड्रेस वितरित की जाएंगी। क्लब की बैठक में आयोजनों की तैयारियों और रूपरेखा पर चर्चा की गई।
क्लब की ओर से बुजुर्गों के सम्मान और बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ ही पारंपरिक संस्कृति, स्थानीय खानपान तथा एपड और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
डीएसए मैदान में होगी एपैड प्रतियोगिता
एपड प्रतियोगिता डीएसए मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से आपदा के समय सतर्कता, बचाव और तैयारी के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
सेंट्रल होटल में होगी व्यंजन प्रतियोगिता
व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन सेंट्रल होटल में किया जाएगा। इसमें स्थानीय खानपान और पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा। वहीं, वाद्य यंत्र प्रतियोगिता के जरिए पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
लेक सिटी वेलफेयर क्लब की ओर से 13 दिसंबर को जिमखाना में भी विशेष आयोजन प्रस्तावित है, जो क्लब के आगामी कार्यक्रमों का प्रमुख आकर्षण रहेगा। बैठक में कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
क्लब का उद्देश्य बुजुर्गों को सम्मान, बच्चों को प्रोत्साहन और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना है। इन आयोजनों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और नैनीताल की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने का प्रयास किया जाएगा।



















