नैनीताल शिक्षा

नैनीताल में कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद

🌧️

 

ऑरेंज अलर्ट के चलते जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जारी किए आदेश; शिक्षक और स्कूल स्टाफ को भी अवकाश

नैनीताल, 1 सितंबर 2026।
मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल के लिए 2 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार बुधवार, 2 सितंबर 2026 को नैनीताल जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। वर्तमान में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। ऐसे में नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

शिक्षकों और स्टाफ को भी अवकाश

जिलाधिकारी के आदेश के तहत 2 सितंबर को विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को आदेश का सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Follow करें — Khabri Daju | हर खबर पर दाज्यू की नजर