🌧️

कोटाबाग में सबसे ज्यादा 154 मिमी बारिश, कालाढूंगी में 102 मिमी रिकॉर्ड
नैनीताल, 1 सितंबर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र की शाम 6:45 बजे की रिपोर्ट में हालात चिंताजनक बताए गए हैं। बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 51.59 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 154 मिमी बारिश कोटाबाग में हुई, जबकि कालाढूंगी में 102 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक नैनीताल में 43 मिमी, हल्द्वानी में 50 मिमी, खनस्यू में 62 मिमी, मुक्तेश्वर में 55.1 मिमी तथा कैंची धाम में 39 मिमी बारिश दर्ज हुई। जिले की संचयी वर्षा 826.96 मिमी बताई गई है।
नदियों का बढ़ा जलस्तर
बारिश के चलते नदियों और बैराजों में पानी का बहाव भी बढ़ा है। रिपोर्ट के अनुसार गौला बैराज से 49,638 क्यूसेक, कोसी बैराज से 24,986 क्यूसेक और नंधौर नदी से 6,110 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित
भारी बारिश के कारण जिले में 40 मार्ग बाधित हैं। इनमें ज्योलीकोट-भवाली-खैरना, गड़िया-बेतालघाट-खैरना, धानाचूली-खनस्यू-ओखलकांडा, रामनगर-भंडारपानी, भवाली-बाइपास, भीमताल-बाइपास सहित विभिन्न राज्य एवं ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा मार्गों को खोलने की कार्रवाई जारी बताई गई है।
रिपोर्ट में विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति और नालियों की स्थिति सामान्य दर्ज की गई है। वहीं तहसील नैनीताल अंतर्गत अमघाट पाषाणखेत ग्राम के कफड़ी नाले में अत्यधिक मलबा/पानी आने से एक आवास व गौशाला प्रभावित होने की सूचना भी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार वहां निवासरत कुल 20 प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किया गया
प्रशासन ने बारिश को देखते हुए संबंधित विभागों को बाधित मार्गों को खोलने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
खबरी दाज्यू | हर खबर पर दाज्यू की नजर
