
नैनीताल। हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹4.50 लाख मूल्य का चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र और अंगूठी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को सत्य विहार, ओमकार कॉलोनी निवासी कुसुम जोशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 से 18 जुलाई के बीच अज्ञात चोर ने उनके माता-पिता के घर का ताला तोड़कर करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र और आधे तोले की सोने की अंगूठी चोरी कर ली।
मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। 22 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर आनंदपुर गांव से श्याम सिंह (45 वर्ष) निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र और अंगूठी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने करीब 100 प्रतिशत बरामदगी करते हुए चोरी की घटना का सफल खुलासा किया।
