
नैनीताल। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने लगातार दूसरे दिन बेतालघाट ब्लॉक के गरमपानी क्षेत्र का तूफानी दौरा कर विभिन्न वर्गों से संवाद किया। उन्होंने टैक्सी यूनियन, महिला स्वयं सहायता समूहों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान डॉ. आर्य सबसे पहले गरमपानी टैक्सी यूनियन के सदस्यों और स्थानीय टैक्सी चालकों से मिले। बैठक में चालकों ने नैनीताल शहर में टीबी नंबर (TB) की टैक्सियों के प्रवेश पर लगी रोक का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के कारण स्थानीय टैक्सी संचालकों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। टैक्सी चालकों ने मांग की कि स्थानीय वाहनों को नैनीताल शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाए।
इस पर डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने कहा कि टैक्सी चालकों की यह मांग उचित है और वह इस विषय को प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर विजय कुमार, विशन सिंह, कमलेश सिंह, तरुण कुमार, मनोज सिंह, सूरज, गोविंद रजवार, ललित गोस्वामी, डी.के. वर्मा, हमाद सिंह, प्रताप सिंह, दिनेश, संतोष सहित बड़ी संख्या में टैक्सी चालक मौजूद रहे।
इसके बाद डॉ. आर्य ने ग्राम सभा गरमपानी में महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार, आजीविका, सरकारी योजनाओं और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान माया देवी, अंजू, हिमानी, भूमिका, प्रिया आर्य, चित्रा मेहरा, चारू, रेनू देवी सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
दौरे के अंतिम चरण में गरमपानी स्थित महिला सभागार में भाजपा जिला महामंत्री रंजन बर्गली की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच नियमित संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया गया।
डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लगातार जनसंपर्क अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और उन्हें सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
लगातार दूसरे दिन हुए इस व्यापक जनसंपर्क अभियान को नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
