नैनीताल। शहर की सीआरएसटी–जिला पंचायत रोड पर सिल्वटन होटल के पास क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का कार्य 11 दिन बाद भी पूरा नहीं हो सका है। सड़क बंद रहने से स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि काम की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है।
गौरतलब है कि 9 जुलाई की सुबह सिल्वटन होटल के समीप सड़क की सुरक्षा दीवार ढह गई थी, जिससे सड़क का एक हिस्सा भी खतरे की जद में आ गया था। सूचना मिलने पर एसडीएम नवाजिश खलिक ने मौके का निरीक्षण कर तत्काल सड़क पर यातायात रोकने और लोक निर्माण विभाग को सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के निर्देश दिए थे। पुलिस को भी एहतियातन मार्ग बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि, सड़क पर वाहनों की आवाजाही अब भी बंद है, लेकिन मरम्मत कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया है। मार्ग बंद रहने के कारण स्थानीय निवासियों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द सड़क को यातायात के लिए खोलने की मांग की है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि सड़क के आसपास रिहायशी क्षेत्र होने और लगातार बारिश के कारण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्य कराया जा रहा है। इसी वजह से निर्माण कार्य में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है।
