नैनीताल क्राइम

देवर के साथ पहुंची युवती पर महिला से मारपीट का आरोप, ईंट मारकर किया घायल; पुलिस जांच में जुटी

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल। तल्लीताल कोतवाली क्षेत्र के डोलमार गांव में एक महिला ने हल्द्वानी निवासी युवती पर घर में घुसकर मारपीट करने और ईंट से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने तल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता हेमा जीना ने तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:50 बजे हल्द्वानी निवासी एक युवती उसके देवर के साथ घर पहुंची। आरोप है कि युवती ने घर में साथ रहने की बात कही। इस पर परिजनों ने बिना विवाह साथ रहने पर आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने जमीन से ईंट उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी युवती मौके से फरार हो गई। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

तल्लीताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *