मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल का मलबा बना काल, दो श्रमिकों की मौत, एक घायल
भीमताल। मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर राहत एवं बचाव कार्य किया। पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। सूचना मिलते ही एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ भवाली अंजना नेगी और प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि श्रमिक रिटेनिंग वॉल का बेस तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से भारी मलबा खिसककर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से गौरी देवी (38) और हरीश थापा (18) की मौत हो गई, जबकि नेत्र बहादुर उर्फ संजू घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी भीमताल भेजा गया।
घटना के बाद पुलिस को करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। मौके पर स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजन भी पहुंच गए। तीनों श्रमिक मूल रूप से राजापुर, नेपाल के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस द्वारा निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। निर्माण कार्य से जुड़े मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



















